चूरू पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करने वाले एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक के निर्देशों पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
मुख्य सप्लायर को दबोचा
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह के सुपरविजन में दूधवाखारा थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी।
टीम ने कार्रवाई करते हुए कोतवाली चूरू में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में वांछित हेरोइन और चिट्टा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर भानुप्रताप सिंह (23) निवासी शेखावत कॉलोनी, चूरू को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश, पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब उससे नशा तस्करी के नेटवर्क, अन्य सप्लायरों और खरीद-बिक्री से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में दूधवाखारा थानाधिकारी महेंद्र कुमार, कांस्टेबल राजेश कुमार और संजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा






