चूरू के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह शेखावत पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में घटना के 21 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को जिले के पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) निश्चय प्रसाद एम से मुलाकात कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई और भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी।
पत्रकारों ने जताया रोष
पत्रकारों का कहना है कि 5 जुलाई को कोतवाली थाने में मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसे लेकर जिले के पत्रकारों में नाराजगी है और उन्होंने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने दो दिन में गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
मुलाकात के बाद वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि एसपी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है और उसे अगले दो दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शेखावत ने कहा कि उन्हें राजस्थान पुलिस पर भरोसा है और उम्मीद है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
4 जुलाई को हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की रात करीब 8:15 बजे भड़का बालाजी मंदिर के पास स्थित संतोष भोजनालय से भोजन कर लौटते समय अज्ञात हमलावर ने कथित रूप से घात लगाकर राजेंद्र सिंह शेखावत पर लाठी से हमला कर दिया था। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।






