चूरू शहर के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह शेखावत पर शनिवार देर रात हुए जानलेवा हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक शेखावत पर लाठी से लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। घटना में पत्रकार के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV में कैद हुआ हमला
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर पत्रकार राजेंद्र सिंह शेखावत पर ताबड़तोड़ लाठी से वार करता है। वीडियो में शेखावत अपने सिर को बचाने के लिए हाथ आगे कर हमले को रोकने का प्रयास करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट लग जाती है।
घटना के समय आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पीड़ित ने धमकियां मिलने का लगाया आरोप
राजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्होंने एफसीआई गोदाम के सामने स्थित बड़ के बालाजी मंदिर परिसर में खुलेआम गांजा चिलम पीने की सूचना नशामुक्ति हेल्पलाइन पर दी थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की, जिसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया था।
शेखावत का आरोप है कि इसी घटना के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उनका कहना है कि घटना वाली रात भी मंदिर के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर धमकाया। बाद में देर रात भोजन कर घर लौटते समय केंद्रीय कारागृह के सामने घात लगाए बैठे युवक ने उन पर लाठी से हमला कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, पत्रकार संगठनों में रोष
हमले के बाद घायल पत्रकार को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, विभिन्न पत्रकार संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस अधीक्षक से फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।






