चूरू। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चूरू जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कृष्णा सामरिया के सुपरविजन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने महिला महाविद्यालय और नेचर पार्क क्षेत्र में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर छेड़छाड़ करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सादे कपड़ों में तैनात थीं महिला पुलिसकर्मी
पुलिस के अनुसार महिला सुरक्षा अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में सार्वजनिक स्थानों और शिक्षण संस्थानों के आसपास तैनात किया गया था।
निगरानी के दौरान दो युवक वहां से गुजर रही छात्राओं और महिलाओं पर फब्तियां कसते और अश्लील इशारे करते पाए गए।
मौके पर ही दबोचे गए आरोपी
महिला पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद दोनों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 और 172 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कोचिंग, बाजार और बस स्टैंड पर बढ़ाई जाएगी निगरानी
जिला पुलिस ने बताया कि महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोचिंग संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित डिकॉय ऑपरेशन और गश्त जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि महिलाओं से छेड़छाड़ या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।






