चूरू कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को चूरू जिला मुख्यालय स्थित वीरगति स्मारक पर राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीरों के सम्मान में मौन रखा।

कारगिल के शहीदों के साहस को किया नमन

इस अवसर पर अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के शौर्य, पराक्रम और अदम्य राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसके लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।

उन्होंने कहा कि शहीदों की वीरगाथाएं देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। साथ ही सभी नागरिकों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

वीरांगनाओं का सम्मान, पौधरोपण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान में भाग लेते हुए साइकिल चलाकर स्वास्थ्य संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कारगिल युद्ध की दी जानकारी

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अनिल कुमार पूनियां ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि, भारतीय सेना के सैन्य अभियानों और वीर सैनिकों के अदम्य साहस की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार, डीएफओ भवानी सिंह, एसडीएम धीरज झाझड़िया, कैप्टन (नेवी) कंवर दलीप सिंह, भागीरथ शर्मा, नरेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...