चूरू के सदर थाना क्षेत्र स्थित कायम नगर में रविवार देर रात दो मकानों में चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसने के बाद कूलर में बेहोश करने वाला स्प्रे किया, जिससे परिवार के सदस्य गहरी नींद में सोते रहे और चोर आराम से नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार दोपहर घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
चारदीवारी फांदकर घर में घुसे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाश पहले मकानों की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद लोहे की जाली का गेट तोड़कर घर में प्रवेश किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घर के भीतर सो रहे लोगों को गहरी नींद में रखने के लिए कूलर में किसी प्रकार का स्प्रे किया गया।
इसके बाद चोरों ने महिलाओं के कानों की बालियां और गले में पहने सोने के आभूषण उतार लिए। साथ ही अन्य कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई जाग भी जाए तो बाहर नहीं निकल सके।
दो घरों से नकदी और जेवरात चोरी
बदमाशों ने अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चुरा लिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक मकान से करीब 40 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण, जबकि दूसरे मकान से करीब 50 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी हुए हैं।
बताया जा रहा है कि गिरोह ने एक अन्य मकान में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सुबह परिजनों की नींद खुलने पर कमरों के दरवाजे बाहर से बंद मिले। बाहर निकलने पर घर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारियों के ताले टूटे मिले।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र में इसी तरह की चोरी की वारदात सामने आई थी।





