चूरू के कायमनगर में तीन दिन पहले दो मकानों में हुई चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। बुधवार को युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आसिफ खान के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि तीन दिन के भीतर मामले का खुलासा नहीं हुआ तो पीड़ित परिवारों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस गश्त पर उठाए सवाल
ज्ञापन में कहा गया कि अग्रसेन नगर रेलवे फाटक के पास स्थित कायमनगर रोड पर दिन-रात लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद चोरी की वारदात होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
आसिफ खान ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले भी नूरजहां और अल्ताफ धोबी के घर चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
दोबारा बने वही घर निशाना
उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले सात बदमाशों ने एक बार फिर इन्हीं दोनों घरों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में सदर थाने में एफआईआर दर्ज है, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
एसपी ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
ज्ञापन में वारदात का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। इस पर पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने मामले की जल्द जांच पूरी कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आतिफ बहलीम, हनीफ खान डीके, अनवर बहलीम, अकरम, लखू खान, इस्मायल मणियार, आदिल खान, आजाद खान, आरिफ रिसालदार, शौकत खान, तोफिक, निजाम मणियार, जंगशेर खान सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।






