चूरू। जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को शांति भंग एवं संज्ञेय अपराध की आशंका के चलते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत एसडीएम कोर्ट में पेश किया।
दो लोगों को घर से हिरासत में लिया
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान वार्ड संख्या-4 निवासी 44 वर्षीय मुबारिक सर्किल तथा वार्ड संख्या-24 निवासी 30 वर्षीय शाहनवाज उर्फ धोलू के घर पहुंचकर उनके वर्तमान आचरण की जानकारी ली गई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों कथित रूप से आक्रोशित हो गए। समझाइश के बावजूद शांत नहीं होने पर पुलिस ने दोनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी से विवाद करते मिले तीसरे आरोपी
इसी अभियान के दौरान वार्ड संख्या-46 में पुलिस टीम को एक व्यक्ति शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद करता मिला। मौके पर उसकी पत्नी ने पुलिस को लिखित शिकायत भी दी।
पुलिस के अनुसार, समझाइश के बावजूद आरोपी के नहीं मानने पर 45 वर्षीय रणजीत कुमार निवासी वार्ड संख्या-46 को भी धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीएम कोर्ट में किया पेश
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान आगे भी जारी रहेगा।






