चूरू शहर के महावीर दल चौक निवासी 50 वर्षीय श्याम सुंदर प्रजापत के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। श्याम सुंदर 12 जुलाई को सालासर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया।
मोबाइल कुछ देर चालू हुआ, फिर दोबारा हो गया बंद
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, वार्ड संख्या 48 निवासी दीपक प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता 12 जुलाई को घर से निकले थे। काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला।
रिपोर्ट के मुताबिक, 13 जुलाई को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच मोबाइल कुछ समय के लिए चालू हुआ, लेकिन उसके बाद फिर बंद हो गया। इसके बाद भी परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो सका।
रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद दर्ज कराई गुमशुदगी
परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन श्याम सुंदर प्रजापत का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उनके पुत्र दीपक प्रजापत ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस के अनुसार, श्याम सुंदर प्रजापत की उम्र लगभग 50 वर्ष, रंग सांवला, कद करीब 5 फीट 4 इंच है तथा उनके चेहरे पर सफेद निशान है।
पुलिस ने जांच शुरू की
कोतवाली थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच सुरेश कुमार को सौंप दी है। पुलिस लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है और विभिन्न संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।






