चूरू में डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 27 युवक और 7 वाहन हिरासत में
चूरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 युवकों को सात वाहनों सहित हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हिरासत में लिए गए युवकों में कई हिस्ट्रीशीटर भी शामिल पाए गए हैं। सभी युवकों और वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए दूधवाखारा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक डीएसटी को सूचना मिली थी कि बाढ़की, ढाणी चारणान और लादडिया क्षेत्र में 10 से 15 संदिग्ध वाहन घूम रहे हैं। सूचना में यह भी आशंका जताई गई थी कि ये वाहन नाकाबंदी से बचने का प्रयास कर रहे हैं तथा उनमें सवार लोगों के पास अवैध हथियार हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही डीएसटी टीम लादडिया स्टैंड पहुंची और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
सात वाहनों में मिले 27 युवक
तलाशी के दौरान पुलिस ने सात वाहनों में सवार 27 युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, सभी वाहनों पर या तो नंबर प्लेट नहीं लगी थी या उनमें काले शीशे लगे हुए थे, जिससे वे संदेह के घेरे में आए।
डीएसटी ने सभी वाहनों को जब्त कर युवकों को दूधवाखारा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
कई हिस्ट्रीशीटर भी शामिल, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों में दूधवाखारा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रामस्वरूप, गाजसर निवासी श्रवण बुडानिया, सदर थाना क्षेत्र का खालिद उर्फ गांधी, रतननगर थाना क्षेत्र का गोपी राणा और कोतवाली क्षेत्र का अमित उर्फ बन्ना भी शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि ये युवक स्वयं को ‘5400 आरपीजी ग्रुप’ का सदस्य बता रहे थे। पुलिस को आशंका है कि वे क्षेत्र में दहशत फैलाने या किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हो सकते थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई पूछताछ के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।






