हॉर्न बजाने पर युवक पर सरिया-छुरे से हमला, नकदी और चेन लूटने का आरोप

चूरू शहर के तेलीवाड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क पर खड़ी कार को हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर एक युवक पर कथित रूप से सरिया और छुरे से हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने आरोपी पर नकदी, सोने की चेन और अंगूठियां छीनने का भी आरोप लगाया है। घायल का राजकीय भरतिया अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घायल विक्रम सैनी, निवासी कालेरा बास, ने बताया कि वह दुकानों में माल सप्लाई करने के बाद भुगतान की राशि लेकर लौट रहा था। धोबी चौक स्थित योगिता एजेंसी से रुपए लेकर वापस आते समय तेलीवाड़ा क्षेत्र में बीच सड़क पर खड़ी कार के कारण रास्ता अवरुद्ध था और पीछे वाहनों की कतार लग गई थी।

हॉर्न बजाते ही भड़क गया कार सवार

पीड़ित के अनुसार, रास्ता खाली कराने के लिए जैसे ही उसने बाइक का हॉर्न बजाया, कार सवार व्यक्ति गुस्से में बाहर निकला और सरिया व छुरा लेकर उस पर हमला कर दिया। विक्रम ने बचाव के लिए पास की सब्जी की दुकान से प्लास्टिक की कैरेट उठाकर छुरे का वार रोकने की कोशिश की, जिससे छुरा हमलावर के हाथ से छूट गया।

इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर सरिये से लगातार वार किए, जिससे विक्रम के हाथ, पैर और कमर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि हमले में उसकी एक उंगली भी टूट गई और आरोपी ने उसके सिर पर वार करने का भी प्रयास किया।

नकदी और सोने की चेन छीनने का आरोप

विक्रम ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी उसकी दुकान के भुगतान की नकदी, शादी में मिली सोने की चेन और अंगूठियां भी लेकर फरार हो गया। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी टूट गया।

पीड़ित का कहना है कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानता था। हालांकि स्थानीय लोगों ने हमलावर के तेलीवाड़ा या काजी मोहल्ला क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी दी है। विक्रम ने कार का नंबर नोट कर लिया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित के आरोपों के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Live Updates
Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...