चूरू में वायुसेना के दो सार्जेंट सम्मानित, युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
भारतीय वायुसेना के दो जवानों की राष्ट्रसेवा और उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान में चूरू के सुभाष चौक पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। वेलफेयर सोसाइटी चूरू तथा जवाहर नवोदय विद्यालय, चूरू के पूर्व छात्र संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सार्जेंट मनोज प्रजापत और सार्जेंट सावंताराम का सम्मान किया गया।
समारोह में नवोदयन साथियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने दोनों जवानों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय वायुसेना में उनके उत्कृष्ट योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पित सेवाओं का सम्मान करना था।
राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सार्जेंट मनोज प्रजापत और सार्जेंट सावंताराम ने भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाओं के दौरान अनुकरणीय कार्य किया है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने विश्वास जताया कि दोनों जवान भविष्य में भी देश की सेवा करते हुए नई पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
अभिनंदन समारोह में रेवंतमल माहिच, घनश्याम चंदेल, आरिफ खान, जय प्रकाश, अशोक जांगिड़, राजपाल रुहेला, पालाराम रुयल, अमरचंद कस्वां, खेमचंद इंदलिया, विक्रम सिंह शेखावत, प्रमोद, डॉ. श्रीराम बुंदेला, डॉ. अरविंद सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और नवोदयन साथी उपस्थित रहे।





