हवेली के फर्जी दस्तावेज बनाकर बिक्री का आरोप, चोरी का मामला दर्ज
रतनगढ़ में नरसी मार्केट के पास स्थित एक पुरानी हवेली के कथित कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने, हवेली को क्षतिग्रस्त करने और उसमें रखा सामान चोरी करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फतेहपुर निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फतेहपुर निवासी सुरेश पुत्र भोलाराम रिणवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घंटाघर के पास नरसी मार्केट स्थित सत्यनारायण पुत्र मुरलीधर अग्रवाल की पुरानी हवेली पारिवारिक बंटवारे में सत्यनारायण के हिस्से में आई थी। वर्तमान में इस संपत्ति में उनके पुत्र कैलाशनाथ, कन्हैयालाल, मदनलाल और नंदलाल की हिस्सेदारी बताई गई है। कैलाशनाथ के निधन के बाद हवेली में तीन हिस्सेदार हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि मदनलाल पुत्र सत्यनारायण और विजयकुमार पुत्र नंदलाल ने सुरेश को मुख्त्यार आम नियुक्त किया हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार बुधवार शाम जब सुरेश फतेहपुर से संपत्तियों की देखरेख के लिए रतनगढ़ पहुंचे तो हवेली क्षतिग्रस्त मिली और उसमें रखा सामान गायब था। आसपास जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि सत्यनारायण के कुछ वारिसों किरण, अभिलाष और आरती अग्रवाल ने कथित रूप से अज्ञात भू माफियाओं के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज और कुर्सीनामा तैयार कराया। आरोप है कि मदनलाल और नंदलाल से यह तथ्य छिपाकर संपत्ति को केवल कन्हैयालाल के हिस्से की बताकर बंटी और आलोक पुत्र लक्ष्मीनारायण अग्रवाल को बेच दिया गया।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि हवेली को तुड़वाकर उसका मलबा और अंदर रखा सामान भी खुर्द-बुर्द कर दिया गया। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।






