करणी माता और गणेश मंदिर के दानपात्र पर चोरों का धावा, CCTV में कैद हुई वारदात; ग्रामीणों में रोष
सादुलपुर। सिद्धमुख थाना क्षेत्र के चैनपुरा बड़ा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने श्री करणी माता मंदिर और श्री गणेश मंदिर के दानपात्रों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलने पर सिद्धमुख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में चोरी की वारदात कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
दानपात्र में बड़ी राशि होने की संभावना
ग्रामीणों के अनुसार, श्री करणी माता मंदिर का दानपात्र पिछले करीब 18 महीनों से नहीं खोला गया था। ऐसे में उसमें बड़ी राशि होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं श्री गणेश मंदिर के दानपात्र से करीब 5 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले ही मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा स्थापना का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में दान दिया था।
पहले भी हो चुका था चोरी का प्रयास
ग्रामीणों ने बताया कि 15 मार्च 2026 को भी श्री करणी माता मंदिर के दानपात्र को तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद दोबारा हुई घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है।
घटना की जानकारी मिलने पर सेवानिवृत्त तहसीलदार विक्रम सिंह ने पुलिस और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्रित हुए और सिद्धमुख थाने पहुंचकर शिकायत सौंपी।
पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
समाचार लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सिद्धमुख थाना अधिकारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।






