चूरू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन बदमाश गिरफ्तार; दो पिस्टल, एक कट्टा और कारतूस बरामद
चूरू। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और गैंगस्टर गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देशन तथा एजीटीएफ प्रभारी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अभिजीत पाटिल के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एनएच-709 पर पहली गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-709 पिलानी बाईपास पर की गई। एजीटीएफ की सूचना पर राजगढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र के जोगीवाला निवासी लालचंद उर्फ लाला उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
तारानगर पुलिया और ददरेवा में भी दबिश
दूसरी कार्रवाई में राजगढ़ थानाधिकारी राजेश सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तारानगर पुलिया के पास दबिश देकर सिद्धमुख क्षेत्र के बिरमी खालसा निवासी विजयपाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई।
वहीं तीसरी कार्रवाई हमीरवास थाना पुलिस ने थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई के नेतृत्व में ददरेवा मोहनसिंह रमाना जोहड़ क्षेत्र में की। यहां से सिद्धमुख के रामसरा ताल निवासी रवि कुमार को एक अवैध देशी कट्टे (तमंचे) के साथ गिरफ्तार किया गया।
हथियारों के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और उनके स्रोतों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात में किया जाना था या नहीं।
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एजीटीएफ के सज्जन कुमार, विजयपाल, कपिल मीणा, नवीन कुमार, अमित कोठारी और रामाकांत सहित राजगढ़ एवं हमीरवास थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






