फर्जी दस्तावेजों से बनवाया पासपोर्ट, चूरू पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
चूरू कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर गलत पते से पासपोर्ट बनवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ निवासी फकीर मोहम्मद और सिकंदर खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने फर्जी पता सत्यापित कर पासपोर्ट बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले का मुख्य आरोपी फरियाद खान फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने के लिए अपनाया फर्जीवाड़े का रास्ता
कोतवाली थाना प्रभारी सुखराम चोटिया ने बताया कि चूरू की बादशाह कॉलोनी निवासी मुबारक खान के खिलाफ वर्ष 2018 के बाद से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका पुराना पासपोर्ट वर्ष 2012 में समाप्त हो चुका था। नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करने पर आपराधिक रिकॉर्ड के कारण उसे परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, दोबारा विदेश जाने की इच्छा होने पर मुबारक ने अपने परिचित फरियाद खान से संपर्क किया।
80 हजार रुपये लेकर तैयार किए गए फर्जी दस्तावेज
जांच में सामने आया कि फरियाद खान ने कथित तौर पर 80 हजार रुपये लेकर मुबारक को चूरू की बजाय लक्ष्मणगढ़ (सीकर) का निवासी दर्शाने की योजना बनाई। इसके लिए उसके नाम से फर्जी आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और वोटर आईडी सहित अन्य दस्तावेज तैयार कराए गए।
इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर लक्ष्मणगढ़ के पते से पासपोर्ट बनवाया गया, जिसके जरिए मुबारक वर्ष 2023 में दुबई भी चला गया था।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने फर्जी पते का सत्यापन करने और पासपोर्ट बनवाने में सहयोग करने के आरोप में फकीर मोहम्मद और सिकंदर खान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, फर्जी दस्तावेजों के उपयोग, आपराधिक साजिश तथा पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
वहीं, इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी फरियाद खान अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।






