चूरू में यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज, एसपी ने अधिकारियों के साथ बनाई नई कार्ययोजना
चूरू जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को ट्रैफिक थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के संबंधित पुलिस अधिकारियों, विभिन्न कस्बों के यातायात प्रभारियों, हाईवे मोबाइल इंटरसेप्टर तथा ट्रैफिक एड सेंटर के प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले की यातायात व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
ट्रैफिक सुधार के लिए तैयार हुई कार्ययोजना
बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत ट्रैफिक पुलिस बल बढ़ाया गया है तथा शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर फिक्स ड्यूटी पॉइंट निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
इसके अलावा अधिकारियों के साथ ऑटो और टेम्पो की नंबरिंग, बसों की पार्किंग व्यवस्था, रूट निर्धारण तथा अतिक्रमण हटाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत मंथन किया गया। इन बिंदुओं पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
आमजन के सहयोग पर दिया जोर
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यातायात से जुड़े किसी भी मामले की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।






