चूरू। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चूरू में वार्षिकोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद रहे। विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण सिंह चौहान ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक नहीं : जिला कलक्टर
मुख्य अतिथि अभिषेक सुराणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि श्रेष्ठ चरित्र, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त आधार है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम के साथ-साथ खेल, कला, सामाजिक सरोकार और नैतिक मूल्यों को भी जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही जिज्ञासु बने रहने, निरंतर सीखने और बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें मेहनत एवं दृढ़ संकल्प से हासिल करने का संदेश दिया।
सामाजिक संदेशों से जुड़ी प्रस्तुतियों ने जीता दिल
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, वृद्धाश्रम की संवेदनाएं और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग के दुष्प्रभाव जैसे विषयों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें अभिभावकों और उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर प्राचार्य कृष्ण सिंह चौहान ने विद्यालय की वर्षभर की उपलब्धियों तथा पीएम श्री योजना के तहत किए गए नवाचारों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों का हुआ सम्मान
वार्षिकोत्सव के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों तथा विभिन्न सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। राजेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।






