चूरू रेलवे स्टेशन के बाहर हंगामा, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
चूरू शहर के रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा करने और शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे महिला पुलिसकर्मी लक्ष्मी और द्रौपदी पुलिस जाब्ते के साथ गश्त पर थीं। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के सामने एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला।
पूछताछ के दौरान किया हंगामा
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान कपिल, निवासी जालिमपुरा, थाना मलसीसर (झुंझुनूं) के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ 29 जुलाई को एक महिला ने मारपीट, गाली-गलौज तथा गहने और नकदी छीनने का मामला दर्ज कराया था।
इसी मामले में पूछताछ के दौरान आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गया और रेलवे स्टेशन के बाहर जोर-जोर से हंगामा करने लगा।
पुलिस को धमकाने का भी आरोप
पुलिस का आरोप है कि युवक ने कार्रवाई कर रहे पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया और उन्हें देख लेने की बात कही। समझाइश के बावजूद वह शांत नहीं हुआ।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपी के व्यवहार से मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए उसे गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया।






