चूरू। जिले के राजपुरा गांव के पास रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में 19 वर्षीय समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सामने से आई बाइक से हुई टक्कर
परिजनों के अनुसार, समीर किसी निजी कार्य से बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल अचानक उसकी बाइक के सामने आ गई, जिससे दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद समीर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
राहगीरों ने दिखाई इंसानियत
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे कार सवार युवकों ने घायल समीर को संभाला और बिना देर किए डीबी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस को दी गई सूचना
अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी अस्पताल पुलिस चौकी को दे दी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।






