चूरू के अग्रसेन नगर-रामसरा रोड पर सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। गहरे गड्ढों और उनमें भरे बारिश के पानी के कारण शुक्रवार को एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान सामने से आ रहा पशु चारे से भरा एक अन्य वाहन भी कीचड़ और गड्ढों में फंस गया। घटना के चलते जयपुर हाईवे को जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर दिनभर आवागमन प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क शहर की प्रमुख लाइफलाइन है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
बारिश में सड़क बनी तालाब, बढ़ा हादसों का खतरा
रामसरा निवासी एडवोकेट रामेश्वर प्रजापति ने बताया कि भाजपा कार्यालय के पास सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलभराव हो जाता है और पूरी सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। खेल मैदान के आगे भी बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग से चूरू, रामसरा, जयपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर जाने वाले भारी वाहन लगातार गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस सड़क से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक वाहन आवागमन करते हैं।
मरम्मत नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा
ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि करीब एक माह पहले जिला प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) को सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी मरम्मत नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि जल्द पैचवर्क या सड़क का पुनर्निर्माण नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा और जनहानि वाला हादसा हो सकता है।
लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत करवाने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।






