चूरू जिले के रतननगर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ढाढरिया चारणान गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

रतननगर थाना के एएसआई कैलाशचंद मीणा के अनुसार, मृतक की पहचान सारसर (सरदारशहर) निवासी 41 वर्षीय राधेश्याम सुथार के रूप में हुई है।

सास को अस्पताल दिखाकर लौट रहे थे राधेश्याम

पुलिस के अनुसार राधेश्याम अपनी सास को चूरू के डीबी अस्पताल में चिकित्सक को दिखाकर वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ढाढरिया चारणान गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरा युवक गंभीर घायल, स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार कल्याणपुरा बीदावतान निवासी 20 वर्षीय नारायण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासी सांवरमल और विक्रम ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी से चूरू के डीबी अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार नारायण सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी सीटी स्कैन सहित अन्य आवश्यक जांचें कराई गई हैं और उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही रतननगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को एंबुलेंस के माध्यम से रतननगर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।

पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...