चूरू। रतननगर थाना क्षेत्र के ढाढरिया बणीरोतान गांव में शराब के नशे में उत्पात मचा रहे युवकों का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दो युवकों ने महिला पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान 23 वर्षीय हिमांशु के रूप में हुई है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर भड़के आरोपी
पुलिस के अनुसार, गांव में कुछ युवक शराब के नशे में गाली-गलौज और उत्पात मचा रहे थे। महिला ने उनके परिजनों से इस संबंध में शिकायत की। आरोप है कि इससे नाराज होकर ओम सिंह और भानी सिंह ने महिला पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के दौरान शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल महिला को राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर रतननगर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल महिला के पर्चा बयान दर्ज किए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अक्सर शराब के नशे में पड़ोसियों के साथ गाली-गलौज और झगड़ा करते हैं। इस बार विरोध करने पर उन्होंने हमला कर दिया।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।






