चूरू। चूरू रोडवेज डिपो के बस कंडक्टर सुरेंद्र पूनिया के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उम्मेद खां को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद रोडवेज कर्मचारी संगठनों ने 17 जुलाई से प्रस्तावित चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है।
सभी 42 बसों का संचालन हुआ सामान्य
आंदोलन स्थगित होने के साथ ही चूरू रोडवेज डिपो की सभी 42 बसें शुक्रवार से अपने निर्धारित रूटों पर सामान्य रूप से संचालित होने लगीं।
यदि चक्का जाम होता तो 10 से अधिक बस रूट प्रभावित होते और करीब 15 हजार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता। बस सेवाएं सुचारु होने से दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
कर्मचारी संगठनों ने रखी यह मांग
रोडवेज कर्मचारी संगठनों ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है, लेकिन मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कानूनी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई बरती गई तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं रोडवेज कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।






