चूरू। चूरू डिपो में कार्यरत सिविल डिफेंस परिचालक मेनपाल ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए चूरू-जयपुर रोडवेज बस में मिले एक यात्री के खोए हुए मोबाइल फोन को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाकर मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले चूरू-जयपुर मार्ग पर संचालित रोडवेज बस के परिचालन के दौरान एक सीट पर स्विच ऑफ स्थिति में मोबाइल फोन मिला था। परिचालक मेनपाल ने मोबाइल को सुरक्षित अपने पास रख लिया और उसके मालिक की तलाश शुरू की।
रिटायर्ड सैनिक को लौटाया मोबाइल
लगातार प्रयासों के बाद रविवार को सीकर डिपो में मोबाइल के वास्तविक मालिक रिटायर्ड सैनिक विजय सिंह यादव की पहचान हुई। इसके बाद मेनपाल ने उन्हें उनका मोबाइल सुरक्षित लौटा दिया।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर विजय सिंह यादव ने परिचालक मेनपाल का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी और जिम्मेदारी की सराहना की।
यात्रियों ने भी की सराहना
परिचालक मेनपाल के इस सराहनीय कार्य की यात्रियों, रोडवेज कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने भी प्रशंसा की। उनका यह कदम ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और जनसेवा की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।






