चूरू शहर की सैनिक बस्ती सेक्टर-1 में दिनदहाड़े बंद मकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दुकान से लौटे तो टूटा मिला ताला
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, सैनिक बस्ती सेक्टर-1 निवासी 62 वर्षीय धर्मपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को दोपहर करीब 1:20 बजे वह अपनी पत्नी को पंखा सर्किल स्थित संजीवनी अस्पताल के पास अपनी दुकान पर छोड़ने गए थे।
करीब 2:45 बजे जब वह वापस घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गेस्ट रूम में रखा दीवान भी खंगाला गया था।
127 ग्राम सोने के आभूषण और नकदी चोरी
परिवार के अनुसार, चोर घर से ₹15,000 नकद तथा अलमारी में रखे करीब 127 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए।
चोरी हुए आभूषणों में सात सोने की अंगूठियां, 20 ग्राम की सोने की चेन, छह जोड़ी झुमके, एक गले का सेट और करीब 12 ग्राम की फुल पातड़ी शामिल हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।






