प्रदेशभर में चल रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चिकित्सा विभाग के खाद्य सुरक्षा अनुभाग ने चूरू जिले के सरदारशहर में बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा टीम ने हनुमान ट्रेडर्स पर छापेमारी कर वरुण बेवरेज द्वारा निर्मित स्टिंग एनर्जी की 250 एमएल की 6,420 बोतलें सीज कर दीं। साथ ही उत्पाद के नमूने जांच के लिए जयपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत की गई है।
लेबल पर मिले भ्रामक दावे
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा की टीम ने निरीक्षण के दौरान बोतलों के लेबल पर “Stimulates Mind”, “Energizes Body” और “Same Great Taste” जैसे दावे दर्ज पाए। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे दावे खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आते हैं।
टीम ने उत्पाद का नमूना लेकर शेष सभी 6,420 बोतलों को सीज कर दिया।
एफएसएसएआई के नियमों का हवाला
अधिकारियों ने बताया कि एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैफीनेटेड पेय पदार्थों पर “Energy Drink”, “Sports Drink”, “Stimulates Mind” जैसे दावों का उपयोग भ्रामक माना जाता है। इसी संबंध में हाल ही में पेय पदार्थ निर्माता कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा ने बताया कि अधिक कैफीन वाले ऐसे पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। सभी नमूनों को जयपुर प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






