चूरू शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं एक समाचार पत्र के संवाददाता राजेंद्र सिंह शेखावत पर शनिवार देर रात कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि केंद्रीय कारागृह के सामने पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने उन पर पीछे से लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान चार टांके लगाने पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
पीछे से लाठी से किए गए वार
घायल पत्रकार के अनुसार, वह रात में भोजन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान केंद्रीय कारागृह के सामने एक युवक ने पीछे से उन पर लाठी से हमला किया। उन्होंने बचाव के लिए हाथ आगे किया, जिससे लगातार तीन वार उनके दाहिने हाथ पर लगे और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गया।
नशे की शिकायत के बाद मिल रही थीं धमकियां
राजेंद्र सिंह शेखावत का आरोप है कि कुछ दिन पहले उन्होंने एफसीआई गोदाम के सामने स्थित बड़ के बालाजी मंदिर परिसर में खुलेआम गांजा और चिलम पीने की सूचना नशामुक्ति हेल्पलाइन पर दी थी। उन्होंने मंदिर के पुजारी से भी इस संबंध में बातचीत की थी।
पुलिस द्वारा कार्रवाई के बाद उन्होंने इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। उनका कहना है कि इसके बाद उन्हें लगातार धमकियां मिलने लगीं, जिसके चलते उन्होंने वीडियो हटा दिया था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना वाले दिन दोपहर में मंदिर के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर धमकाया था, लेकिन स्थानीय लोगों के पहुंचने पर वे वहां से चले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घायल पत्रकार ने रविवार को कोतवाली थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच पूरी होने तक हमले के कारणों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार पर हमला, हाथ में आए 4 टांके






