चूरू जिले के भालेरी थाना क्षेत्र के सोमासी गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय बालक दीवान सिंह हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल बालक को ग्रामीणों की मदद से तत्काल डीबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया गया है।

अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को भी दे दी है।

खेलते समय हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार, सोमासी गांव स्थित एक पीलर फैक्ट्री में रतलाम और उत्तर प्रदेश के मजदूर कार्य करते हैं तथा अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं।

बताया गया कि रविवार सुबह मजदूर काम में व्यस्त था। इसी दौरान उसका 9 वर्षीय बेटा दीवान सिंह खेलते समय लोहे का सरिया लेकर ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह अचेत होकर गिर पड़ा।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

बच्चे की चीख सुनकर परिजन और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसे बालक को गांव के रोहिताश और शिवकरण निजी वाहन से डीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

चिकित्सकों की निगरानी में बच्चे का इलाज किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि पीलर फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के तार काफी नीचे हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासन को कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। 181 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...