चूरू पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को जिला स्तरीय बाल वाहिनी सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने की। इस दौरान उन्होंने परिवहन विभाग, पुलिस, शिक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
अवैध बाल वाहिनियों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
बैठक में एसपी ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि नियमों के विपरीत संचालित हो रही अवैध बाल वाहिनियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। पुलिस और परिवहन विभाग को शहरी क्षेत्रों में टैम्पो एवं टैक्सी वाहनों की संयुक्त जांच करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस संचालित बाल वाहिनियों को जब्त (सीज) किया जाए तथा जिन वाहनों का पंजीयन निलंबित है, उनकी सूची तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आवश्यक होने पर संबंधित शिक्षण संस्थानों की मान्यता रद्द करने के लिए शिक्षा विभाग को भी पत्र भेजा जाए।
स्कूलों में सड़क सुरक्षा पर होगा विशेष फोकस
एसपी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों और कॉलेजों के संस्था प्रधानों से विद्यार्थियों के परिवहन में लगे वाहनों के संबंध में नियमों की पालना का शपथ पत्र लिया जाए। आगामी बैठक से पहले सभी शपथ पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, सड़क सुरक्षा कार्यशालाएं आयोजित करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक स्कूल एवं कॉलेज में सड़क सुरक्षा क्लब गठित करने पर भी जोर दिया गया।
चालकों का होगा पुलिस वेरिफिकेशन और स्वास्थ्य परीक्षण
बैठक में बाल वाहिनी चालकों को निर्धारित प्रारूप में पहचान पत्र जारी करने, उनका पुलिस सत्यापन (वेरिफिकेशन) कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और रिफ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाल वाहिनियों से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी पीएसपी पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से दर्ज करने को कहा गया।
पीडब्ल्यूडी को भी दिए अहम निर्देश
एसपी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि मुख्य सड़कों पर स्थित स्कूलों और कॉलेजों के पास निर्धारित गति सीमा (स्पीड लिमिट) के बोर्ड लगाए जाएं तथा आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सुजानगढ़ डीटीओ बजरंग सिंह, यातायात प्रभारी सुखराम चोटिया, एडीईओ कमल शर्मा, नौरंग वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डीटीओ नरेश कुमार बसवाल ने किया।






