चूरू। शहर के पंखा सर्किल स्थित एक संस्थान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान भवानी शंकर सैनी निवासी सरदारशहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 28 जून 2026 को ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए संस्थान में आया था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय भरतिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार युवक का शव कमरे में बेडशीट से बने फंदे से लटका मिला।
परिजनों की रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल परिजनों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत के पीछे क्या कारण रहे।






