चूरू जिले में छात्राओं की सुरक्षा और कॉलेज के बाहर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग को लेकर स्वामी गोपाल दास कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने शहीद भगत सिंह युवा क्रांतिकारी मंच के बैनर तले जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपा। छात्राओं ने शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
कॉलेज के बाहर ट्रैफिक और असामाजिक तत्वों पर जताई चिंता
ज्ञापन में नानू दाधीच ने कहा कि महाविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने हर समय भारी वाहनों का दबाव रहता है, जिससे छात्राओं को सड़क पार करने में कठिनाई होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। छात्राओं ने मांग की कि कॉलेज के बाहर स्थायी रूप से एक यातायात पुलिसकर्मी की तैनाती की जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कैफे और होटलों की नियमित जांच की मांग
प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्राओं ने हाल ही में श्रीगंगानगर में एक नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस को पहले से प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि चूरू में संचालित सभी कैफे और होटलों में संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस नियमित रूप से औचक निरीक्षण करे। साथ ही शहर के सभी कैफे और होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस के अभय कमांड सेंटर से अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए, ताकि 24 घंटे निगरानी रखी जा सके।
आंदोलन की चेतावनी
छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दिव्या दाधीच, अर्चना फगेड़िया, सोनू कुंदन, हिमांशी, नानू दाधीच, पुलकी, अनुष्का, अंकिता, मानसी सहित शहीद भगत सिंह युवा क्रांतिकारी मंच से जुड़ी कई छात्राएं उपस्थित रहीं।






