चूरू। चूरू-राजगढ़ रोड स्थित हाईवे पर शनिवार रात एक सड़क हादसे में 53 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर की टक्कर लगने से हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
होटल के पास हुआ हादसा
कोतवाली थाना के उपनिरीक्षक हंसराज ने बताया कि बजरंग सिंह (53) पुत्र सादुल सिंह राजपूत, निवासी लादड़िया, शनिवार रात बाइक से अपने गांव से चूरू की ओर आ रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर एक होटल के पास कथित रूप से ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बजरंग सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार समाचार लिखे जाने तक शनिवार देर रात तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। परिवाद दर्ज होने के बाद रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






