चूरू में ट्रक से सामान चोरी की जांच के दौरान पुलिस के साथ कथित रूप से हंगामा करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह गश्त के दौरान सामने आई।
ट्रक चालकों ने दी थी चोरी की सूचना
पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान टीम महादेव होटल के पास पहुंची, जहां कुछ ट्रक चालकों ने ट्रक से सामान और स्टेपनी चोरी होने की सूचना दी।
इसी दौरान एक चालक ने गौरीसर निवासी विजय सिंह पर चोरी की आशंका जताई। सूचना के बाद पुलिस ने संबंधित ट्रक मालिक से संपर्क कर विजय सिंह को पूछताछ के लिए मौके पर बुलाया।
पूछताछ के दौरान हंगामे का आरोप
पुलिस का आरोप है कि पूछताछ शुरू होते ही विजय सिंह आक्रोशित हो गया। उसने पुलिस से बहस की और कथित रूप से ऊंची आवाज में हंगामा करने लगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता और पुलिस कार्रवाई को लेकर धमकी भी दी तथा स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके शांत नहीं होने पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसे हिरासत में लिया गया।
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां नियमानुसार पाबंद करने की कार्रवाई की गई।






