चूरू शहर के रेलवे स्टेशन के पास अचेत अवस्था में मिले करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
अस्पताल चौकी इंचार्ज एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
सूचना मिलने के बाद व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की सहायता से राजकीय अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेल मेडिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया।
हालांकि देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
72 घंटे तक होगी शिनाख्त की कोशिश
एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस नियमानुसार 72 घंटे तक शव की शिनाख्त कराने का प्रयास करेगी। रविवार दोपहर तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






