चूरू नगर परिषद के वार्ड संख्या 46 में पिछले करीब डेढ़ माह से नियमित घर-घर कचरा संग्रहण नहीं होने और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के विरोध में सोमवार को जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष सुनीता कपूरिया के नेतृत्व में महिलाओं ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में वार्ड की सफाई व्यवस्था में सुधार और नियमित कचरा संग्रहण की मांग की गई।
नियमित कचरा संग्रहण नहीं होने का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड में कचरा संग्रहण के लिए आने वाला ऑटो टीपर नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है, जिसके कारण लोगों को मजबूरन खुले स्थानों पर कचरा डालना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इससे क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में बढ़ा बीमारियों का खतरा
सुनीता कपूरिया ने कहा कि बरसात के मौसम में फैली गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर परिषद की जिम्मेदारी है।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल प्रभाव से नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनहित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान वार्ड की महिलाओं ने नगर परिषद परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शन में बलकेश, शर्मीला, सलमा बानो, गीता देवी, शारदा देवी, नियामत, शीलू यादव, मंजू सैनी, सकीला बानो, अंजू, कविता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।






