पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल को राजनीति में संयम बरतने की सलाह दी है। गुरुवार को चूरू जिले के ईंयारा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान बनाने के लिए व्यक्तिगत और ओछी टिप्पणियों से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार के अच्छे कार्यों की सराहना और गलत नीतियों का तथ्यात्मक विरोध होना चाहिए, लेकिन हर मुद्दे पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है।
ईंयारा स्कूल में हुआ नए भवन का लोकार्पण
बीदासर ब्लॉक के ईंयारा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में भामाशाह चैनाराम-रामेश्वरलाल द्वारा करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआर चौधरी ने भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को नशे और ड्रग्स से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि सफल जीवन के लिए अच्छा व्यक्तित्व, सात्विक भोजन, बड़ों का सम्मान, कई भाषाओं का ज्ञान और अनुशासित जीवनशैली आवश्यक है।
किसानों को फूड प्रोसेसिंग और नई तकनीक अपनाने की सलाह
सीआर चौधरी ने कहा कि बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के साथ किसानों को भी नए अवसरों की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने किसानों से फूड प्रोसेसिंग उद्योग से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि आज बाजरे से बिस्किट जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं और ऐसे नवाचार कृषि क्षेत्र की आय बढ़ाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और आधुनिक खेती अपनाने का भी आह्वान किया।
चूरू का पहला पूर्ण डिजिटल स्कूल बनने का दावा
विद्यालय के प्राचार्य ओमनाथ सिद्ध ने बताया कि यह विद्यालय अब चूरू जिले का पहला ऐसा सरकारी स्कूल बन गया है, जहां कक्षा 1 से 12 तक पूरी तरह डिजिटल शिक्षा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि भवन में छह कक्ष, एक हॉल, बरामदा, मंच और 75 इंच के छह डिजिटल फ्लैट बोर्ड स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान जगन्नाथ बुरड़क, रिद्धकरण लोमरोड़, ओमप्रकाश मूंदड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और विद्यार्थी मौजूद रहे।






