पूर्व छात्रसंघ महासचिव पुलकित चौधरी के नेतृत्व में एनएसयूआई चूरू द्वारा छात्रसंघ चुनाव, राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता और अन्य मांगों को लेकर किया जा रहा आमरण अनशन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अनशन के 48 घंटे पूरे होने के बाद पुलकित चौधरी और छात्र प्रतिनिधि सुरेंद्र बरोड़ ने जल का भी त्याग करने की घोषणा की।
पुलकित चौधरी ने कहा कि तीन दिनों से जारी भूख हड़ताल के बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि लगातार अनशन के कारण उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, लेकिन वे अपनी मांगों को लेकर अंतिम समय तक संघर्ष जारी रखेंगे।
अब 10 सूत्री मांगों को लेकर जारी रहेगा आंदोलन
पुलकित चौधरी ने बताया कि छात्र-छात्राओं के साथ चर्चा के बाद कॉलेज से जुड़ी विभिन्न मांगों को भी आंदोलन में शामिल किया गया है। अब यह प्रदर्शन 10 सूत्री मांगों को लेकर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में छात्रसंघ चुनाव कराना, राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता देना तथा राजस्थानी भाषा के लिए नियमित कार्यालय की स्थापना शामिल है।
समर्थकों ने दिया आंदोलन को समर्थन
अनशन के दौरान छात्र प्रतिनिधि सुरेंद्र बरोड़ ने कहा कि सभी मांगों के पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर अनिल बुडानिया, राकेश कस्वां झारिया, अजय गाजसर, अजय चौधरी, हिमांशु शर्मा, राकेश बॉयल, राकेश कस्वां सिरसली, कमलेश सिहाग, दीपक सैनी, साहिल डीके, सूफियान डीके, अमित मेहरा, सूफियान झारिया, राहुल डगला, सुधीर ढूकिया, हरीश पूनियां और अरबाज डीके सहित अन्य समर्थक मौजूद रहे।






