गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद राजलदेसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। अस्पताल के वार्ड, लेबर रूम, डॉक्टरों के चैम्बर, दवाई स्टोर सहित विभिन्न हिस्सों में पानी भर जाने से मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्साकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को राजलदेसर विधायक पूसाराम गोदारा ने अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
अस्पताल में जलभराव पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद जब्बार खोखर, मोहन लाल मेघवाल, भादर भामू, हामिद चौहान सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक ने अस्पताल परिसर में जलभराव की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और सहायक अभियंता को मौके पर बुलाया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर से 24 घंटे लगातार पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में जलभराव रोकने के लिए मिट्टी के कट्टों की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों और अस्पताल स्टाफ को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेडिकल रिलीफ सोसायटी की बैठक जल्द बुलाने की मांग
विधायक पूसाराम गोदारा ने निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर मेडिकल रिलीफ सोसायटी की बैठक शीघ्र आयोजित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि अस्पताल की रोजमर्रा की जरूरतों और आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए उपलब्ध फंड का समय पर और प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
इस दौरान मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल की सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराने के लिए लगातार समन्वय बनाए रखने की बात कही।
शेखावाटी लाइव ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा







