राजलदेसर नगरपालिका क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े और स्वीकृति के बावजूद शुरू नहीं हुए विकास कार्यों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न निर्माण कार्यों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर दोषी ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
ज्ञापन में कई विकास कार्यों की प्रगति, भुगतान और गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं।
निर्माण कार्यों और भुगतान की जांच की मांग
ज्ञापन के अनुसार, मैसर्स जय तेजा कंस्ट्रक्शन कम्पनी को वार्ड 19 से 21, 25 से 27 तथा 31 से 33 में लगभग 25-25 लाख रुपये के तीन विकास कार्य आवंटित किए गए थे।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इन कार्यों के एवज में करीब 57 लाख रुपये का रनिंग भुगतान किया जा चुका है, जबकि मौके पर कार्य की मात्रा और गुणवत्ता को लेकर सवाल हैं। उन्होंने मांग की कि कार्य की वास्तविक स्थिति, माप और भुगतान का तकनीकी सत्यापन कराया जाए।
अधूरे नाले और रुके निर्माण कार्य भी उठाए
प्रतिनिधिमंडल ने भावनदेसर रोड पर लगभग 19.75 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत नाला निर्माण कार्य का मुद्दा भी उठाया। आरोप है कि ठेकेदार को करीब 10 लाख रुपये का भुगतान मिलने के बावजूद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे बारिश के दौरान जलभराव और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है।
इसके अलावा मेघवाल सामुदायिक भवन परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर प्रस्तावित दो कमरों के निर्माण तथा इस्लामिया अरबिया नुरूल इस्लाम मदरसा में स्वीकृत दो कमरों के निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल किया गया।
जांच और कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने सभी कार्यों का मौके पर निरीक्षण कर तकनीकी एवं अभिलेखीय जांच कराने, स्वीकृत राशि, कार्यादेश, भुगतान और वास्तविक कार्य का मिलान कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि भुगतान के अनुरूप कार्य नहीं मिला, गुणवत्ता में कमी पाई गई या समय पर कार्य शुरू नहीं किया गया, तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद जब्बार खोखर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोहनलाल मेघवाल, भागीरथ रेगर, इदरीश खत्री, मोहम्मद शरीफ छींपा, दौलतराम कड़वासरा, भादर भामू सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नगर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।






