चूरू। राजलदेसर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय मोटाराम पुत्र सोहनलाल मेघवाल की मौत हो गई। हादसा थामला-जोहड़ा-परसनेउ मार्ग पर उस समय हुआ, जब वे खेत से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक परसनेउ गांव के निवासी थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर राजलदेसर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय राजलदेसर की मोर्चरी में रखवाया।
भतीजे की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
सोमवार सुबह मृतक के भतीजे ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।






