राजलदेसर, श्रावण मास के पावन अवसर पर राजलदेसर के देवनगर स्थित श्री अंजनी माता महावीर हनुमान मंदिर से बुधवार को 21 कांवड़ियों का जत्था धार्मिक उत्साह और जयकारों के बीच लोहार्गल धाम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु वहां से पवित्र जल लाकर सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
बाबा भक्त हनुमान पारीक के आशीर्वाद से आयोजित इस यात्रा में गुरु माता विमला देवी ने श्री अंजनी माता महावीर हनुमान मंदिर में बाबा भक्त त्यागी जी गुरुफ को तिलक लगाकर एवं आशीर्वाद देकर विशेष झूला कांवड़ लाने के लिए रवाना किया।
गुरुवार को पहुंचेगा लोहार्गल, रविवार रात लौटेगा जत्था
कांवड़ संघ के संतोष पारीक ने बताया कि जत्था बुधवार को राजलदेसर से रवाना होकर गुरुवार सुबह लोहार्गल धाम पहुंचेगा। वहां से पवित्र जल भरने के बाद सभी कांवड़िये पैदल यात्रा करते हुए रविवार रात्रि को वापस राजलदेसर पहुंचेंगे।
सोमवार को होगा भगवान शिव का जलाभिषेक
उन्होंने बताया कि सोमवार को कस्बे के विभिन्न शिवालयों तथा श्री अंजनी माता महावीर हनुमान मंदिर में भगवान भोलेनाथ का लोहार्गल से लाए गए पवित्र जल से जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
जत्थे की रवानगी के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही और धार्मिक वातावरण बना रहा।
ये रहे जत्थे में शामिल श्रद्धालु
कांवड़ यात्रा में पवन पारीक, अंकित पारीक, राम पारीक, संजय पारीक, पंकज शर्मा, निरंजन प्रजापत, भूरसिंह, भविष्य सैनी, भवानी शंकर, गोविंद, लालो, मुकेश देवड़ा, महेंद्र महावर, विनोद, महेंद्र सोनी, राकेश, सौरभ पारीक और डूंगरमल पारीक सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।






