राजलदेसर। कस्बे के पश्चिमी आउटर सिग्नल के आगे रेलवे ट्रैक के पास सोमवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर राजलदेसर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
क्षतिग्रस्त मोबाइल से हुई मृतक की पहचान
पुलिस को तलाशी के दौरान शव के पास एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन मिला। मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान कमल कुमार (35) पुत्र रामस्वरूप, निवासी दिल्ली के रूप में हुई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक कैटरिंग का कार्य करता था और बीकानेर से दिल्ली जा रहा था।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों के राजलदेसर पहुंचने के बाद मंगलवार को उनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।






