चूरू। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 स्थित सोनी धर्मशाला गोगाजी मंदिर के पास रविवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान एक हादसा हो गया। कमरे की पट्टी चढ़ाने के दौरान अचानक पट्टी टूट जाने से वहां काम कर रहा 30 वर्षीय मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने घायल को तत्काल राजगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चूरू किया गया रेफर
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार जारी है।
सिर और कान के पास आई गंभीर चोट
घायल के साथ अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक, राजगढ़ निवासी राजेश कुमार प्रजापत (30) निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं। रविवार को कमरे की पट्टी चढ़ाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पट्टी टूट गई, जिससे वह उसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
हादसे में राजेश कुमार के सिर और कान के पास गंभीर चोटें आई हैं।
उपचार जारी
चिकित्सकों की देखरेख में घायल का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।






