रतनगढ़ रतनगढ़ नगर पालिका के वरिष्ठ नेता एवं पार्षद नंदकिशोर भार्गव के 18 जुलाई को हुए आकस्मिक निधन पर रविवार को पोद्दार गेस्ट हाउस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत नेता को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों को याद किया।

जनसेवा को बताया जीवन का उद्देश्य

भाजपा नेता अरविंद इंदौरिया के सानिध्य में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्षद नंदकिशोर भार्गव ने जनसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया और अंतिम समय तक समाज के लिए कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि भार्गव के परिजनों द्वारा नेत्रदान का निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायी है और इससे अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व अपने कार्यों के कारण सदैव लोगों की स्मृतियों में जीवित रहते हैं।

जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहते थे

कुसुमदेसर सरपंच पवन सिंह राठौड़ तथा पूर्व चेयरमैन लिट्टू कल्पनाकांत ने अपने संबोधन में कहा कि नंदकिशोर भार्गव पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा के राजनीतिक शिष्य थे और रतनगढ़ शहर की जनसमस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सक्रिय रहते थे। उन्होंने जिला अस्पताल और रेल सुविधाओं के विस्तार सहित कई जनहित के मुद्दों पर लगातार कार्य किया।

वक्ताओं ने किया जीवन एवं कार्यों का स्मरण

सभा में वासुदेव चाकलान, मोहनलाल बबेरवाल, गौतम महर्षि, सुबोध सारस्वत, गंगाधर थालोड़, शंकरलाल कम्मा, भारती मुद्गल, सीताराम गुर्जर सहित अनेक वक्ताओं ने दिवंगत नंदकिशोर भार्गव के व्यक्तित्व, कृतित्व और जनसेवा को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर गायक कलाकार रामकिशन शर्मा ने श्रद्धांजलि गीत भी प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में पार्षदों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा शहर के सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे। सभा का संचालन रामोतार रक्षक एवं रामकिशन माटोलिया ने संयुक्त रूप से किया।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...