चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में खेत से लौट रहे एक युवक पर कथित रूप से जर्मन शेफर्ड डॉग से हमला करवाने का मामला सामने आया है। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच एएसआई रामकुमार कर रहे हैं।
न्यायालय के माध्यम से दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने बताया कि तहसील के बछरारा गांव निवासी 34 वर्षीय दिलसुख जाट ने न्यायालय में इस्तगासा दायर किया था। परिवाद के अनुसार, 26 जून को वह अपने खेत से लौट रहा था। रास्ते में नेमीचंद जाट के खेत के पास पहुंचने पर कथित रूप से नेमीचंद, डूंगराराम, रामादेवी, बबिता और अनिता ने पहले से योजना बनाकर उस पर जर्मन शेफर्ड डॉग छोड़ दिया।
परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि खेत के रास्ते पर लगा गेट बंद कर दिया गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और कुत्ते के हमले में घायल हो गया।
पहले भी हमले का लगाया आरोप
इस्तगासे में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले परिवादी के पिता नोपाराम और भाई सोमप्रकाश के साथ भी इसी प्रकार की घटना हुई थी, जिसमें वे घायल हुए थे। परिवादी का आरोप है कि हर बार घटना के बाद आरोपी माफी मांगकर मामला शांत करा देते थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
न्यायालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।






