चूरू जिले के रतनगढ़ कस्बे में सालासर रोड स्थित मकड़ीनाथ स्कूल के पीछे वार्ड संख्या 19 में एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी, बक्से व बेड के ताले तोड़कर सामान खंगाल डाला। हालांकि, उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला और वे खाली हाथ फरार हो गए।
23 जुलाई को गांव गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, यह मकान पपूराम सांसी का है। उनके निधन के बाद परिवार के सदस्य यहां रहते हैं। परिवार के लोग 23 जुलाई को मकान पर ताला लगाकर गांव चले गए थे।
सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जब परिवार के सदस्य वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी, बक्से और अन्य सामान बिखरा पड़ा था।
सामान खंगाला, लेकिन कुछ नहीं मिला
चोरों ने घर के कई ताले तोड़े और पूरे मकान की तलाशी ली, लेकिन घर में कोई कीमती सामान नहीं मिलने के कारण वे बिना चोरी किए ही मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के संभावित सुरागों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






