चूरू जिले के रतनगढ़ शहर में शुक्रवार को एक घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वार्ड संख्या 21 में एक युवक ने कथित रूप से अपनी भाभी और नाबालिग भतीजी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद युवक ने स्वयं फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कुल्हाड़ी से किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 21 निवासी विनोद प्रजापत (34) का किसी घरेलू बात को लेकर अपनी 38 वर्षीय भाभी भगवती देवी और 17 वर्षीय भतीजी दिव्या से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने दोनों के साथ मारपीट की और बाद में कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के बाद दोनों मां-बेटी बेहोश हो गईं।
खेत से लौटी मां ने देखा घटनास्थल
इसी दौरान आरोपी की मां गीता देवी खेत से घर लौटीं। घर पहुंचने पर उन्होंने बहू और पोती को बेहोशी की हालत में देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल रतनगढ़ के जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
आरोपी ने फंदे से लगाई जान
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी विनोद ने कथित रूप से भाभी और भतीजी को मृत समझकर घर में ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल मां-बेटी का उपचार हायर सेंटर में जारी है।






