चूरू जिले के रतनगढ़ में मजदूरी करने आई 27 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने रविवार को पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए आशंका जताई है कि उसकी पत्नी को कोई बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राजेश पुत्र शोभान भील, निवासी बिया डाबर, मध्यप्रदेश, ने रिपोर्ट दी कि वह करीब एक वर्ष पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रतनगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी करने के लिए एक ठेकेदार के पास काम करने आया था।
पति ने जताई बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका
रिपोर्ट में बताया गया है कि उसकी पत्नी दो बच्चों को छोड़कर अचानक लापता हो गई। पति ने आशंका व्यक्त की है कि ललू भूरिया नामक व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो सकता है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एएसआई जयप्रकाश को सौंपी जांच
रतनगढ़ पुलिस ने बताया कि मामले की जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस महिला की तलाश के साथ-साथ रिपोर्ट में व्यक्त आशंका के संबंध में भी जांच कर रही है।






