रतनगढ़ के तिलक नगर गौरीसारिया की ढाणी स्थित शिव-जीण-हनुमान मंदिर में 1 से 3 अगस्त तक तीन दिवसीय ‘नानी बाई का मायरा’ का आयोजन श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्रेरणादायक सरिता प्रजापत के सानिध्य में तथा स्वर्गीय जगदीश प्रसाद मारोठिया की स्मृति में उनके सुपुत्र विनोद कुमार, त्रिलोकचंद एवं अनीता मारोठिया के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों एवं भक्ति कार्यक्रमों का लाभ उठाया।
कथा, भजन और मनमोहक झांकियों ने बांधा समां
आयोजन के दौरान कथावाचिका सुमन शर्मा (वरिष्ठ) ने श्रद्धालुओं को ‘नानी बाई का मायरा’ की कथा का श्रवण कराया। कथा के साथ-साथ भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में भगवान शिव-पार्वती सहित विभिन्न धार्मिक झांकियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
श्रावण सोमवार पर हुआ रुद्राभिषेक
श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान का पुष्पों से विशेष श्रृंगार कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
रात्रि में संतों के सानिध्य में भजन संध्या एवं जागरण-कीर्तन का आयोजन हुआ। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे (प्रसाद वितरण) की भी व्यवस्था की गई।
भामाशाह का किया सम्मान
समापन अवसर पर पंडित नवीन हरितवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का समापन कराया।
मंदिर समिति ने आयोजन में सहयोग देने वाले भामाशाहों का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति, मोहल्लेवासियों और सभी श्रद्धालुओं का सक्रिय सहयोग रहा।






